कोल्लम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के काफिले को काले झंडे दिखाए
कोल्लम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के काफिले को काले झंडे दिखाए
कोल्लम (केरलम), 26 सितंबर (भाषा) युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काफिले के कोल्लम से यहां कुंडारा जाते समय प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शाह जिले में कुंडारा और वल्लीकावु में आयोजित दो कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कोल्लम पहुंचे थे।
वह आश्रमम मैदान में हेलीकॉप्टर से पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से कुंडारा गए, जहां उन्हें राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ लिमिटेड (एनसीसीएफ) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था।
पुलिस के अनुसार, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का एक समूह सड़क पर आ गया और जब काफिला उस इलाके से गुजर रहा था, तो उन्होंने काले झंडे दिखाए।
इस समूह का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता बिनु चुल्लियिल कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने शाह और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए।
पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को काफिले को नहीं रोकने दिया।
अधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शन के कारण शाह के काफिले की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें गिरफ्तार कर मौके से हटा दिया गया।
पुलिस ने कहा कि मौके पर मौजूद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन दोनों समूहों को आमने-सामने आने से रोक दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का फैसला किया है।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


