युवाओं को सात महीने से नहीं मिल रहा बेरोजगारी भत्ता: अशोक गहलोत

Ads

युवाओं को सात महीने से नहीं मिल रहा बेरोजगारी भत्ता: अशोक गहलोत

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 05:32 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 05:32 PM IST

जयपुर, 25 अगस्त (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार बेरोजगारी भत्ता योजना को भी अन्य योजनाओं की तरह अनौपचारिक रूप से बंद करने की राह पर है।

गहलोत ने दावा किया कि राज्य के करीब दो लाख बेरोजगार युवा सात महीने से मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत मिलने वाले 4,000 रुपये के भत्ते का इंतजार कर रहे हैं।

गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘‘राजस्थान के अलग-अलग जिलों से आ रही इन खबरों से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार बेरोजगारी भत्ता योजना को भी बाकी योजनाओं की तरह अनौपचारिक रूप से बंद करने के रास्ते पर है।’’

उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद गारंटी दी थी कि कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं बंद नहीं होंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज वही ‘मोदी की गारंटी’ दम तोड़ती नजर आ रही है। योजनाओं को औपचारिक रूप से बंद करने की हिम्मत नहीं है इसलिए भुगतान रोककर चुपचाप खत्म किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह लापरवाही नहीं, बेरोजगार युवाओं के साथ खुला विश्वासघात है।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘जो सरकार खुद प्रधानमंत्री की दी गई गारंटी तक नहीं निभा सकती, वह बेरोजगार हितैषी होने के दावे किस मुंह से करती है?’’

उन्होंने राज्य सरकार से सभी बकाया भत्ते तत्काल जारी करने और आगे समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र