विधायक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने का आरोपी यूट्यूबर पंजाब में गिरफ्तार

विधायक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने का आरोपी यूट्यूबर पंजाब में गिरफ्तार

विधायक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने का आरोपी यूट्यूबर पंजाब में गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:49 pm IST
Published Date: May 25, 2021 1:42 pm IST

ईटागनर, 25 मई (भाषा) पंजाब पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश के विधायक निनोंग इरिंग के खिलाफ कथित रूप से नस्लीय टिप्पणी करने वाले यू-ट्यूबर पारस सिंह के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उस पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों के प्रति घृणा और द्वेष उत्पन्न करने का भी आरोप है।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) चुकू अपा ने पत्रकारों से कहा कि लुधियाना पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस की करीबी निगरानी में सिंह के ठिकाने का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वह सोमवार से फरार था।

राज्य पुलिस का तीन सदस्यीय विशेष जांच दल सोमवार को लुधियाना के लिये रवाना हुआ और बुधवार तक उसके वहां पहुंचने की उम्मीद है। टीम सिंह (25) को अदालत में पेश कर पांच दिन की ट्रांजिट हिरासत मांगेगी ताकि उसे अरुणाचल प्रदेश लाया जा सके।

यूट्यूब चैनल पर ”पारस ऑफिशियल” के रूप में पहचाने जाने वाले पारस सिंह ने रविवार को की गई पोस्ट में कांग्रेस विधायक निगोंग इरिंग को ”गैर-भारतीय” और ”राज्य को चीन का हिस्सा” बताया था, जिससे अरुणाचल प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में आक्रोश उत्पन्न हो गया।

हालांकि सोमवार को डाली गई एक वीडियो में उसने अपनी टिप्पणियों को लेकर माफी मांगी थी।

इरिंग ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर ‘पबजी’ गेम के नए संस्करण को दोबारा लांच करने पर रोक लगाने की अपील की थी, जिसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यूट्यूबर ने यह टिप्पणियां की थी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में