रायपुरः CG Budget 2026 Updates: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में रखा। वित्त मंत्री ने बताया कि संकल्प की थीम पर आधारित यह बजट 172000 करोड़ रुपए का है। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में बताया कि सरकार ने ‘लखपति दीदी’ योजना को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री लखपति भ्रमण योजना का प्रावधान किया है। इसके तहत चयनित महिलाओं को देश-विदेश के व्यवसायिक केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें।
CG Budget 2026 Updates: इसके अलावा महतारी सदन के निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश में 500 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे मातृ एवं शिशु पोषण सेवाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार ने रानी दुर्गावती योजना शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने पर उसे डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसे बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार ने आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके साथ ही 25 विकासखंडों में नए डायलिसिस केंद्र खोले जाएंगे, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को और सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने बजट के माध्यम से स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आगामी वित्तीय वर्ष में सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।