अनूपपुर (मध्यप्रदेश), 30 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के अनूपपुर में शुक्रवार शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना कर्णपाथर पुलिस थानाक्षेत्र के बिजजौरा गांव के पास हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे और चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग पूजा के लिए पद्मनिया से बिजौरा गांव जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘बिजौरा गांव में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु और घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र सिम्मी अमित
अमित