देहरादून/गोपेश्वर, 30 मई (भाषा) उत्तराखंड में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में महाराष्ट्र के एक श्रद्धालु दंपति समेत सात व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं जो अपने परिजन का शव लेकर चमोली जिले में स्थित अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि चमोली जिले के रुपकुंड मार्ग पर ल्वाणी गांव के समीप जंगल क्षेत्र में एक वाहन के शुक्रवार देर रात सड़क से 400-500 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार एक परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गयी और तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह मिली सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार लोग देहरादून में उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले अपने परिजन भजन सिंह का शव लेकर आ रहे थे। पुलिस के अनुसार शव एक निजी एंबुलेंस में था जबकि परिजन अपने वाहन से अपने गांव बांक लोहाजंग लौट रहे थे और इसी दौरान उनका वाहन खाई में गिर गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय वाहन में छह व्यक्ति सवार थे जिनमें से तीन की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान वाहन चला रहे बलबीर सिंह बिष्ट (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और बेटे आंशु बिष्ट (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में तीन अन्य घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दूसरी दुर्घटना उत्तरकाशी जिले में भटवाड़ी के पास गंगनानी में हुई जहां शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार एक श्रद्धालु दंपति की मौके पर ही मृत्यु हो गयी तथा तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची तथा रात के अंधेरे और अत्यंत विषम परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य का संचालन किया।
एसडीआरएफ ने बताया कि मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77) और उनकी पत्नी लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67) के रूप में हुई है। उसने बताया कि घायलों में ओडिशा के भुवनेश्वर निवासी विमल कुमार प्रधान (67), उनकी पत्नी उपासना प्रधान (54) और पंजाब निवासी यशवीर शामिल है।
एक अन्य घटना में, अल्मोड़ा जिले में बागेश्वर रोड पर गधोली गांव में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गयी जिससे उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी उमेश (22) और नेपाली नागरिक चत्ते राजी (26) के रूप में हुई है।
भाषा दीप्ति सं सिम्मी अमित
अमित