इंदौर, 27 जुलाई (भाषा) सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में उठाए गए कदम के तहत मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने उम्मीदवारों को राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2019 से राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2024 तक की वर्णनात्मक उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। आधिकारिक विज्ञप्ति में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2019 से 2024 तक आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षाओं के मुख्य भाग में शामिल अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कर सकेंगे। इस प्रक्रिया की शुरुआत राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2019 की उत्तर पुस्तिकाओं से की जाएगी और इनके अवलोकन की प्रक्रिया नवंबर से शुरू होगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक इसके बाद उम्मीदवारों को क्रमशः राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 की उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसमें कहा गया कि उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा और निर्धारित कार्यक्रम व ‘स्लॉट’ के अनुसार वे स्वयं अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देख सकेंगे।
आयोग ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, समय-सारिणी और अन्य आवश्यक जानकारी अलग से उसकी वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
भाषा हर्ष आशीष
आशीष