बेलागावी में कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के दो गुटों में झड़प

Ads

बेलागावी में कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के दो गुटों में झड़प

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 10:41 PM IST

बेलगावी (कर्नाटक), 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के चयन को लेकर सोमवार को यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित परामर्श बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के विभिन्न गुटों के बीच झड़प हो गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक मनोज चौहान अगले जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं की राय ले रहे थे।

उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक रमेश कुदाची के समर्थकों और दूसरे गुट के सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ कथित टिप्पणियों के बाद कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने विरोध जताया, जिससे तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई।

कुछ समय तक कांग्रेस कार्यालय में तनाव का माहौल रहा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाते हुए मामले को और बढ़ने से रोक दिया।

पार्टी के विधायक आसिफ सैत ने पार्टी में गंभीर अंदरूनी कलह की खबरों को खारिज कर दिया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘कोई झड़प या मारपीट नहीं हुई। कार्यकर्ताओं ने केवल अपनी राय रखी, जिससे कुछ गलतफहमी और बहस की स्थिति बनी। मनोज चौहान ने उठाए गए सभी सवालों का संतोषजनक जवाब दिया।’

भाषा

शुभम सुरेश

सुरेश

ताजा खबर