भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में आए व्यक्ति को पीटकर सड़क पर घुमाया, मामला दर्ज

भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में आए व्यक्ति को पीटकर सड़क पर घुमाया, मामला दर्ज

भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में आए व्यक्ति को पीटकर सड़क पर घुमाया, मामला दर्ज
Modified Date: May 12, 2026 / 09:42 pm IST
Published Date: May 12, 2026 9:42 pm IST

भोपाल, 12 मई (भाषा) भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ एक होटल में आए अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक से कथित मारपीट करने तथा उसके चेहरे पर ‘‘गोबर और कालिख पोतकर’’ सड़क पर घुमाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक दक्षिणपंथी संगठन के कुछ कार्यकर्ता गौतम नगर इलाके के एक होटल के कमरे में घुसकर युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवक वहां दूसरे समुदाय की एक महिला के साथ मौजूद था।

वीडियो में संगठन के सदस्य युवक के चेहरे पर कालिख और गोबर पोतकर उसे भोपाल की सड़कों पर घुमाते भी नजर आ रहे हैं।

गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश तोमर ने बताया कि 10 मई को हुई इस घटना के संबंध में कई शिकायतें मिलने के बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से दुर्भावनापूर्ण कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।

घटना से नाराज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भोपाल पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रदर्शन कर रहे मुस्लिम संगठनों और उनके समर्थकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने भोपाल के काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मामले में यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की।

पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष मोहसिन अली खान भोपाल के काजी-ए-शहर नदवी से मुलाकात कर घटना पर चर्चा करेंगे।

नदवी ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

भाषा दिमो खारी

खारी


लेखक के बारे में