Nautapa Madhya Pradesh 2026 / Image Source : AI GENERATED
भोपाल : Nautapa Madhya Pradesh 2026 : मध्य प्रदेश में आज से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो प्रदेश को और अधिक तपाने वाला है। नौतपा के शुरू होते ही आने वाले 4 दिनों तक भीषण लू चलने के आसार जताए गए हैं। नौतपा के पहले ही दिन मौसम विभाग ने प्रदेश के 44 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
नौतपा से पहले ही पूरे मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर देखा जा रहा था। रविवार को प्रदेश में खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म इलाके रहे, जहां तापमान सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45 डिग्री, दमोह, सागर और सतना में 44.2 डिग्री, जबकि ग्वालियर में पारा 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
टीकमगढ़, शाजापुर, गुना, मुरैना, राजगढ़ और श्योरपुर में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
बता दें की निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, उज्जैन और भोपाल में भी भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा ऊपर जा सकता है। आने वाले 4 दिन प्रदेशवासियों के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं।