School Chale Hum Abhiyan 2026 : मध्यप्रदेश में शून्य हुई ड्राप आउट की संख्या, विकासखंड स्तर पर लगेंगे बुक फेयर, सीएम मोहन यादव बोले- सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ा लोगों का आकर्षण

Mohan Yadav ने मध्यप्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक ‘स्कूल चले हम’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान छात्रों को नि:शुल्क साइकिल, किताबें, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं देने की घोषणा की गई, जबकि राज्य सरकार ने 1 करोड़ 45 लाख नामांकन का लक्ष्य रखा है।

School Chale Hum Abhiyan 2026 : मध्यप्रदेश में शून्य हुई ड्राप आउट की संख्या, विकासखंड स्तर पर लगेंगे बुक फेयर, सीएम मोहन यादव बोले- सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ा लोगों का आकर्षण

School Chale Hum Abhiyan 2026 / Image Source : SOCIAL MEDIA

Modified Date: April 1, 2026 / 06:20 pm IST
Published Date: April 1, 2026 6:20 pm IST
HIGHLIGHTS
  • प्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक ‘स्कूल चले हम’ अभियान चलाकर बच्चों का नामांकन कराया जाएगा।
  • 4 लाख छात्रों को अगले 3–4 महीनों में नि:शुल्क साइकिलें दी जाएंगी
  • 75% से अधिक अंक लाने वाले 94 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए गए।

भोपाल : School Chale Hum Abhiyan 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश के विकास के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कदम से कदम मिलाकर चल रही है। प्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक “स्कूल चले हम” अभियान चलेगा और बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासकीय स्कूलों में ड्रॉप आउट की संख्या शून्य करने पर स्कूल शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे वर्ष 2025-26 में कुल नामांकन में 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में भी 32.4 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की गई है। यह शासकीय स्कूलों पर बढ़ते विश्वास का परिचायक है। राज्य सरकार ने मौजूदा सत्र में स्कूलों में 1 करोड़ 45 लाख नामांकन करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 369 भव्य सांदीपनि विद्यालयों की शुरुआत की गई है, जो देश में सबसे अच्छे स्कूल हैं। मध्यप्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पीएमश्री स्कूल भी आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में महती भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल में राज्य स्तरीय प्रवशोत्सव कार्यक्रम-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क साइकिलें और पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं एवं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विद्यार्थियों ने साईकिलों की घंटियां बजाकर किया अभिवादन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन पर विद्यार्थियों ने साइकिल की घंटियां बजाकर और स्काउट गाइड दल ने वाद्य यंत्रों पर सुमधुर धुनों के साथ उनका स्वागत किया। CM Mohan Yadav Education Policy मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में शामिल विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अटल टिंकलिंग लैब, रोबोटिक लैब, व्यावसायिक शिक्षा और आईसीटी लैब के स्टॉल का अवलोकन किया। इस अवसर पर “स्कूल चले हम” अभियान पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ नि:शुल्क साइकिल प्राप्त करने वाले स्कूली बच्चों का ग्रुप फोटो भी लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिवादन किया।

बच्चे पढ़-लिखकर बनें डॉक्टर, इंजीनियर और उद्यमी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “स्कूल चले हम” अभियान बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। प्रदेश के सभी 55 जिलों के प्रत्येक गांव का एक-एक बच्चा स्कूल में प्रवेश ले रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। प्रदेश में बड़े पैमाने पर शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का आकर्षण बढ़ा है। इनमें ड्रॉप आउट खत्म करने के लिए शिक्षकों के साथ समाज के हर वर्ग ने संकल्प के साथ मेहनत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गई हैं। आगामी 3 से 4 महीने तक शासकीय स्कूलों के 4 लाख बच्चों को साइकिलें मिलेंगी। विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क गणवेश, किताबें और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। हमारे बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और उद्यमी बनें, उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए स्कूली शिक्षा व्यवस्था को सशक्त किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 76 हजार 325 शिक्षकों की समय पर नियुक्ति की गई।

मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर को मिल रही है स्कूटी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत 49 किताबें हिंदी और स्थानीय भाषा में तैयार कर जनजातीय क्षेत्रों में विद्यार्थियों को वितरित की जा रही हैं। प्रदेश में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए 95 हजार क्षमता वाले 1913 छात्रावासों का संचालन किया जा रहा है। अनुसूचित जनजातीय कार्य विभाग के 25 हजार 439 विद्यालयों में आज 20 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या अधिक अंक अर्जित करने वाले 94 हजार 306 मेधावी विद्यार्थियों को नि:शुल्क लैपटॉप वितरित किये गए। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट में लैपटॉप के लिए 250 करोड़ रुपए, स्कूटी के लिए 100 करोड़ रूपए और साइकिल वितरण के लिए 210 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। बोर्ड परीक्षा के स्कूल टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात दी जा रही है।


प्रदेश के स्कूलों में बच्चों की प्रवेश दर में हुई बढ़ोतरी

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आज का दिन स्कूल शिक्षा विभाग के लिए दीवाली जैसा है। हम सभी स्कूली बच्चों का विद्यालयों में स्वागत कर रहे हैं। प्रदेश के स्कूलों में बच्चों की प्रवेश दर में वृद्धि हुई है। अब तक 1 करोड़ बच्चों का नामांकन किया जा चुका है। पहली कक्षा से लेकर हाईस्कूल और हायर सेकेंड्री क्लास तक बच्चों का नामांकन किया जा रहा है। स्कूली विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें और पुस्तकें वितरित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि विकासखंड स्तर पर बुक फेयर लगाए जाएं, जहां शासकीय के साथ निजी स्कूलों के बच्चों को भी पाठ्यपुस्तक निगम की सस्ती पुस्तकों का लाभ मिल सके। राज्य सरकार सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सशक्त हुई है। विद्यार्थियों के पास अपना भविष्य सुरक्षित करते हुए आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर है।

कार्यक्रम में खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी,  रवींद्र यती, सचिव स्कूल शिक्षा  संजय गोयल, आयुक्त शिल्पा गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक गण उपस्थित थे।

 

यह भी पढ़ेंः-


सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्नः

लेखक के बारे में

I’m Sneha Singh, a journalist and storyteller committed to ethical, ground-level, and impact-oriented reporting. A Gold Medalist in Journalism & Mass Communication, I believe in telling stories with accuracy, sensitivity, and purpose. Currently working with IBC24, I specialize in content writing, news production, and modern storytelling bridging facts with human experiences to inform, engage, and inspire audiences..