राहुल गांधी के कार्यक्रम में लगातार अड़ंगे डालने की भाजपा को बड़ी कीमत चुकानी होगी : कांग्रेस
राहुल गांधी के कार्यक्रम में लगातार अड़ंगे डालने की भाजपा को बड़ी कीमत चुकानी होगी : कांग्रेस
इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लगातार अड़ंगे डाले जाने का शुक्रवार को आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ दल को इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं के ज्वलंत मुद्दों पर केंद्रित इस कार्यक्रम की अनुमति के मामले में भाजपा ने लगातार व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की।
इस कार्यक्रम के लिए पुलिस की सुरक्षा शर्तों वाले दस्तावेज में राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 1991 में हुई हत्या के बाद गठित वर्मा आयोग की रिपोर्ट का हवाला दिए जाने पर भी खेड़ा ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत निंदनीय बात है कि आप राहुल गांधी को रोकने के लिए उनके पिता की हत्या का जिक्र कर रहे हैं। आप राहुल गांधी के कार्यक्रम को बिना किसी रुकावट के सुरक्षा दीजिए।’’
कांग्रेस ने इससे पहले शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी का कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है।
इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम की तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी थी और रीजनल पार्क के सामने स्थित जमीन के लिए आवेदन किया था।
कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12,000 वर्ग मीटर में फैले मैदान की 17 से 19 सितंबर तक तीन दिन की अस्थायी ‘लीज’ के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के खाते में 10.08 लाख रुपये जमा कराए थे।
बाद में राज्य सरकार के इस निकाय ने यह कहते हुए कांग्रेस से 4.03 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जमा कराई कि वह तय तारीख से पहले इस जमीन का इस्तेमाल कर रही थी।
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक घटनाक्रम पर खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने शिवसेना के साथ पहले जो व्यवहार किया, उसे वह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी के साथ दोहरा रही है।
उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता का विषय है। भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब

Facebook


