उज्जैन में सीजेआई सूर्यकांत और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन किया
उज्जैन में सीजेआई सूर्यकांत और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन किया
उज्जैन (मप्र), आठ अगस्त (भाषा) प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में न्यायाधीश अतिथि गृह के निर्माण के लिए शुक्रवार शाम भूमिपूजन किया और आधारशिला रखी।
एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि करीब 1.947 एकड़ भूमि पर बनने वाले न्यायाधीश अतिथि गृह के निर्माण पर अनुमानित 18.66 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन भूतल और प्रथम तल का होगा जिसमें विभिन्न न्यायालयों और न्यायिक संस्थानों से उज्जैन आने वाले न्यायाधीशों के लिए पर्याप्त आवासीय व्यवस्था होगी।
अधिकारी ने कहा कि न्यायाधीश अतिथि गृह का निर्माण हो जाने से विभिन्न न्यायालयों से उज्जैन आने वाले न्यायाधीशों को बेहतर और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने सीजेआई को श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति भेंट की। कार्यक्रम में शामिल सभी न्यायाधीशों को जिला बार एसोसिएशन की ओर से भगवान महाकालेश्वर की तस्वीरें भेंट की गईं।
समारोह में उच्चतम न्यायालय और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के अलावा जिला न्यायालयों के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सीजेआई ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और भगवान महाकालेश्वर की पूजा-अर्चना की।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक-सह-अपर जिलाधिकारी प्रथम कौशिक ने सीजेआई को बाबा महाकाल का प्रसाद दिया और स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
भाषा सं दिमो खारी
खारी

Facebook


