इंदौर/महू। CM Mohan Yadav News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पहुंचे। उन्होंने जनापाव को ‘परशुराम श्रीकृष्ण लोक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति का प्रतीक है।
सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम हर युग में धर्म की स्थापना के लिए शास्त्र और शस्त्र दोनों में निपुण रहे। उन्होंने भगवान राम के विवाह प्रसंग में परशुराम की भूमिका का उल्लेख किया, साथ ही भगवान कृष्ण को सुदर्शन चक्र मिलने की कथा भी सुनाई। उन्होंने परशुराम को भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महान योद्धाओं का गुरु बताया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनापाव स्थित परशुराम जन्मस्थली को करीब 17.5 करोड़ रुपये की लागत से भव्य और दिव्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है, जिससे इस स्थल को वैश्विक पहचान मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के एक स्कूल में बन रहे नए भवन का नाम “संदीपानी भवन” रखा जाएगा और भगवान की लीलास्थलियों को तीर्थ के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
CM Mohan Yadav News: इस दौरान सीएम ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि माता-बहनों के मुद्दे पर विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है और जिन नेताओं पर गर्व था, वही महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े नजर आए। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं के हक छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की आधी आबादी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि “आज नहीं तो कल महिलाओं को उनका अधिकार जरूर मिलेगा” और इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।