दतिया उपचुनाव: मंच पर भावुक हुए नरोत्तम, तिवारी की जीत सुनिश्चित करने का लिया संकल्प
दतिया उपचुनाव: मंच पर भावुक हुए नरोत्तम, तिवारी की जीत सुनिश्चित करने का लिया संकल्प
दतिया (मप्र), 13 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सोमवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गए और मंच पर उनकी आंखें नम हो गईं।
हालांकि, उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि वह विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक जाकर उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी का मुख्य मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह से है। तिवारी को भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जो कुछ स्थानों पर हिंसक भी हो गया था।
जनसभा को संबोधित करते हुए मिश्रा ने कहा, ‘‘16 जुलाई से मैं कार्यकर्ताओं के साथ निकलूंगा। दतिया के हर घर जाऊंगा, हर दरवाजे पर सिर झुकाऊंगा और आशुतोष की जीत सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव प्रचार करूंगा।’’
मिश्रा इस उपचुनाव में भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद पार्टी के भीतर असंतोष उभर आया और कई पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
भाषण के बाद जब मिश्रा मंच पर अपनी सीट पर लौटे तो मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल उन्हें सहज करने का प्रयास करते नजर आए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान मिश्रा को मंच पर अपने पास बुलाते हुए कहा कि यह उपचुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘आशुतोष मेरा छोटा भाई है। मैं इसे आपके सुपुर्द करता हूं।’’
आशुतोष तिवारी का उम्मीदवार बनाया जाना मिश्रा के लिए झटका माना गया, क्योंकि उन्हें टिकट मिलने की उम्मीद थी और मिश्रा ने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था।
सेवड़ा निवासी आशुतोष तिवारी लंबे समय से भाजपा के प्रदेश संगठन में सक्रिय रहे हैं।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की नौबत आई। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
इससे पहले सोमवार को आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाषा ब्रजेन्द्र खारी
खारी

Facebook


