ग्वालियर, चार जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी में स्थापित होने वाली 3,000 करोड़ रुपये की रक्षा क्षेत्र की इकाई को उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे से जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास और औद्योगीकरण को नई गति मिलेगी।
सिंधिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अदाणी समूह द्वारा स्थापित की जा रही इस इकाई का भूमिपूजन समारोह रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित होगा।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के सहयोग से एक ऐतिहासिक पहल की गई है। रविवार को मुख्यमंत्री और अदाणी समूह के करण अदाणी 3,000 करोड़ रुपये की इस रक्षा इकाई के भूमिपूजन समारोह में शामिल होंगे। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे से जोड़ा जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
गुना से लोकसभा सदस्य सिंधिया ने कहा कि इस रक्षा इकाई की स्थापना से देश के सशस्त्र बलों को आधुनिक तकनीक से लैस रक्षा उपकरण और हथियार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मेरे पिता माधवराव सिंधिया के समय ग्वालियर के महाराजपुरा में मिराज-2000 लड़ाकू विमान केंद्र की स्थापना की गई थी।”
दतिया विधानसभा उपचुनाव के बारे में पूछे जाने पर सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा, “मध्यप्रदेश में जिस तरह विकास कार्य हो रहे हैं, उसी तरह दतिया में भी विकास होगा। मैंने दतिया के लिए हवाई अड्डे की मंजूरी दिलाई है।”
सिंधिया ने कहा, “विकास और प्रगति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।”
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया जा रहा है। दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें धोखाधड़ी के एक मामले में तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी सदस्यता समाप्त हो गई।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत