भोपाल के रचना टावर की पार्किंग में आग, दो वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट
भोपाल के रचना टावर की पार्किंग में आग, दो वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट
भोपाल, 25 मई (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रचना नगर इलाके में स्थित रचना टावर की पार्किंग में सोमवार दोपहर आग लगने से एक दोपहिया और एक चारपहिया वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जबकि कुछ अन्य वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भोपाल नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि रचना टावर के बेसमेंट/पार्किंग क्षेत्र में अपराह्न करीब डेढ़ बजे आग लगने की सूचना मिली थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्किंग में खड़े एक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन में आग लगी, जिसने पास में खड़ी एक एसयूवी समेत अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पटेल के अनुसार, आग में एक दोपहिया और एक चारपहिया वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि दो अन्य दोपहिया वाहन और एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
भाषा
दिमो रवि कांत

Facebook


