मप्र : हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने गोडसे की जयंती मनाने का प्रयास किया, पुलिस ने रोका

Ads

मप्र : हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने गोडसे की जयंती मनाने का प्रयास किया, पुलिस ने रोका

  •  
  • Publish Date - May 19, 2023 / 09:12 PM IST,
    Updated On - May 19, 2023 / 09:12 PM IST

ग्वालियर (मप्र), 19 मई (भाषा) हिंदू महासभा ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार को महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की 113वीं जयंती मनाने का एक बार फिर प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दावा किया है कि उसने उनके इस प्रयास को विफल कर दिया।

हालांकि, महासभा के पदाधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने गोडसे की जयंती मनाते हुए गरीबों में फल वितरण किया।

हिंदू महासभा के कुछ पदाधिकारियों ने शुक्रवार को ग्वालियर के दौलतगंज इलाके में नाथूराम गोडसे का चित्र लेकर बाहर निकलने की कोशिश की। इस बीच, पुलिस वहां पहुंची और लोगों को गोडसे की तस्वीर लेकर सड़क पर चलने से रोक दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता ने बताया, ‘‘गोडसे जंयती मनाने की सूचना मिलने पर पुलिस यहां आई थी। कुछ लोग एक तस्वीर ले जाते दिखाई दिए। उनसे कहा गया कि वे तस्वीर लेकर सड़क पर प्रदर्शन नहीं करें और उसके बाद महासभा के कार्यकर्ताओं को तस्वीर सहित उनके दफ्तर में पहुंचा दिया। पुलिस स्थिति पर निगाह रखे हुए है।’’

वहीं, हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा, ‘‘हिंदू महासभा की जिला इकाई ने गोडसे जयंती पर गरीबों में फल वितरित किया गया।’’

उल्लेखनीय है कि नवंबर 2017 में ग्वालियर में हिंदू महासभा ने गोडसे की प्रतिमा स्थापित करके मंदिर बनाने का प्रयास किया था, जिसे बाद में पुलिस ने वहां से हटाकर प्रतिमा को जब्त कर लिया था।

भाषा सं रावतरावत

रावत संतोष

संतोष