इंदौर में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट की घटना के बाद अवैध वृद्धाश्रम ढहाया गया

Ads

इंदौर में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट की घटना के बाद अवैध वृद्धाश्रम ढहाया गया

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 04:20 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन अगस्त (भाषा) इंदौर में एक अवैध वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट की घटना के बाद प्रशासन ने इस आश्रय गृह पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को इसके भवन को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) निधि वर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि बाणगंगा थाना क्षेत्र में नगर निगम के करीब 8,000 वर्ग फुट में फैले परिसर में पिछले चार वर्षों से अवैध कब्जा करके वृद्धाश्रम चलाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम की संचालक नीलम दुबे से परिसर खाली कराया गया और अवैध कब्जा हटाने के बाद नगर निगम को इसका आधिपत्य सौंप दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने 30 जुलाई को इस वृद्धाश्रम को सील कर दिया था और इसमें रह रहे 31 वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक न्याय विभाग के मान्यता प्राप्त अन्य वृद्धाश्रमों में स्थानांतरित कर दिया था।

अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई तब शुरू हुई, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें 14 वर्षीय एक लड़का वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं को डंडे से पीटता दिखाई दिया था। उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि वृद्धाश्रम बिना वैधानिक अनुमति के संचालित किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि बुजुर्ग महिलाओं की पिटाई करने वाले अनाथ लड़के को संरक्षण के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया गया था।

भाषा हर्ष अमित

अमित