मप्र: विवाहेतर रिश्ते को लेकर महिला-पुरुष को आपस में बांधकर घुमाया, तीन परिजनों पर मामला दर्ज

Ads

मप्र: विवाहेतर रिश्ते को लेकर महिला-पुरुष को आपस में बांधकर घुमाया, तीन परिजनों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 10:30 PM IST

बड़वानी, तीन अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में विवाहेतर प्रेम प्रसंग के कारण सोमवार को एक महिला और एक पुरुष को आपस में बांधकर गांव में सरेआम घुमाने और प्रताड़ित करने के आरोपों में पुलिस ने उनके तीन परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

वीडियो में महिला व पुरुष के दोनों हाथ रस्सी से बंधे नजर आते हैं और दोनों को आपस में भी रस्सी से बांधा गया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों के एक समूह द्वारा जोड़े को इस अपमानजनक हालत में गांव की आम सड़क पर पैदल चलने पर मजबूर किया जा रहा है और तमाशबीन इस घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) महेश सुनय्या ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ठीकरी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला और एक पुरुष को कुछ लोगों ने बंधक बना रखा है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जोड़े को मुक्त कराया।

सुनय्या ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके तीन परिजनों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने, महिला की लज्जा भंग करने और अन्य आरोपों में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसडीओपी ने बताया कि घटना के तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं. हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र