छिंदवाड़ा में चोरी के शक में तीन युवकों के गले में कंटीले तार डालकर घुमाया गया
छिंदवाड़ा में चोरी के शक में तीन युवकों के गले में कंटीले तार डालकर घुमाया गया
छिंदवाड़ा (मप्र), सात अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने तीन युवकों के गले में कंटीले तार के बंडल डालकर उन्हें पूरे इलाके में घुमाया गया और मारपीट की गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में राज्य संचालित ‘वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड’ (डब्ल्यूसीएल) के कुछ सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोग युवकों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर परासिया थाना क्षेत्र के इकलहरा स्थित डब्ल्यूसीएल परिसर में केबल चोरी के शक में इन तीनों युवकों को निशाना बनाया गया।
पुलिस निरीक्षक खेमचंद पटेल ने बताया कि इकलहरा टाउनशिप के पेंच क्षेत्र में स्थित बंद पड़े फिल्टर संयंत्र परिसर से केबल चोरी होने की घटना सामने आई थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगे निगरानी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें कथित तौर पर तीन संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया।
पटेल ने बताया कि पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों के गले और कंधों पर कथित रूप से चोरी के लिए काटे गए केबल के बंडल डाल दिए और उन्हें पूरे इलाके में घुमाया। इस दौरान चप्पलों, लात-घूंसों से उनकी पिटाई भी की गई।
उन्होंने कहा कि केबल चोरी के आरोपों की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, “कानूनी कार्रवाई करना पुलिस का काम है। युवकों से मारपीट करने वालों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।”
डब्ल्यूसीएल की इकलहरा टाउनशिप के प्रबंधक विक्रम मालवी ने बताया कि परिसर से लोहे के केबल लगातार चोरी हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी पुलिस प्रशासन को सूचना दी जा चुकी है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी

Facebook


