मप्र : महिला पार्षद के वजन को लेकर मजाकिया टिप्पणी पर विजयवर्गीय ने खेद जताया

मप्र : महिला पार्षद के वजन को लेकर मजाकिया टिप्पणी पर विजयवर्गीय ने खेद जताया

मप्र : महिला पार्षद के वजन को लेकर मजाकिया टिप्पणी पर विजयवर्गीय ने खेद जताया
Modified Date: September 22, 2026 / 02:29 pm IST
Published Date: September 22, 2026 2:29 pm IST

इंदौर, 22 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर की एक महिला पार्षद का वजन बढ़ने को लेकर अपनी मजाकिया टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद पैदा होने के बाद मंगलवार को खेद जताया, लेकिन यह दावा भी किया कि कांग्रेस ने उनके बयान को गलत तरह से पेश किया।

सोशल मीडिया पर सामने आए विजयवर्गीय के वीडियो में उन्हें कहते सुना गया,‘‘मेरे विधानसभा क्षेत्र की एक बेहद सक्रिय पार्षद के वॉर्ड में विकास के काफी कार्य हुए। उस दौरान मेरे भाषण में मैंने उनके बारे में जो भी शब्द कहे, उन्हें कांग्रेस के लोगों ने काफी गलत तरीके से पेश किया।’’

उन्होंने कहा कि यह महिला पार्षद उनकी बेटी जैसी है और उन्होंने उसे बचपन में अपनी गोद में खिलाया है।

विजयवर्गीय ने कहा कि जिस तरीके से कांग्रेस नेताओं ने उनके बयान को पेश किया और मीडिया ने भी उसे खबरों में स्थान दिया, उससे वह और महिला पार्षद, दोनों दुखी हैं। उन्होंने कहा,‘‘मैं इस संबंध में खेद प्रकट करता हूं।’’

विजयवर्गीय ने इंदौर में गत रविवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में महिला पार्षद का वजन बढ़ने की ओर इशारा करते हुए हास-परिहास में कहा था कि उसकी चौड़ाई थोड़ी-सी बढ़ गई है।

कांग्रेस ने इस टिप्पणी को ‘बॉडी शेमिंग’ (किसी व्यक्ति की शारीरिक बनावट को लेकर उसे शर्मिंदा करना) से जोड़ते हुए महिला सम्मान को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावों पर सवाल उठाए हैं।

विजयवर्गीय के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया जिसमें काबीना मंत्री की इस टिप्पणी के बाद मंच पर बैठे नेता हंसते नजर आ रहे हैं।

भाषा हर्ष

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में