शिक्षा प्रणाली और ज्ञान के कारण भारत का विश्व स्तर पर सम्मान है: मुख्यमंत्री यादव
शिक्षा प्रणाली और ज्ञान के कारण भारत का विश्व स्तर पर सम्मान है: मुख्यमंत्री यादव
भोपाल, पांच अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि भारत को अपनी शिक्षा व्यवस्था और ज्ञान के कारण विश्व में सम्मान मिलता है।
कमला नेहरू सांदीपनि कन्या विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष, प्रयोगशाला और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद छात्रों के साथ बातचीत करते हुए यादव ने यह भी कहा कि केवल पैसा ही देश की प्रगति को बढ़ावा नहीं देता है, बल्कि मूल्यों की शक्ति इसे आगे ले जाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत को अपनी शिक्षा व्यवस्था और ज्ञान के बल पर विश्व में सम्मान मिलता है। भारत का अर्थ है एक ऐसा राष्ट्र जो सभी को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गुरु (शिक्षक) भी हमें अंधकार से प्रकाश का रास्ता दिखाते हैं। भारतीय संस्कृति हमें ‘जियो और जीने दो’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ सिखाती है। भारतीय गुरुकुल परंपरा और शिक्षा प्रणाली का गौरवशाली इतिहास रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में कई देश हैं जो आर्थिक रूप से अधिक शक्तिशाली हैं ‘‘लेकिन, सिर्फ पैसा ही देश नहीं चलाता। यह अपने मूल्यों की शक्ति से आगे बढ़ता है।’’
मुख्यमंत्री ने याद किया कि उन्होंने भी एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई की थी। उन्होंने कहा कि उन दिनों स्कूलों में ऐसी सुविधाओं का अभाव था।
यादव ने कहा कि भारत इस समय ‘अमृत काल’ से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आज के युवा अमृत पीढ़ी हैं, देश के नए निर्माता हैं। युवा मिलकर 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करेंगे।’’
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित सांदीपनि स्कूलों को वर्तमान में देश का सर्वश्रेष्ठ स्कूल बताते हुए यादव ने कहा कि निजी स्कूलों के छात्र भी सांदीपनि स्कूलों में जाने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा कि ये स्कूल छात्रों के भविष्य को आकार देने के लिए प्रयोगशालाएं हैं।
यादव ने कहा कि पहले चरण में मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के 274 सांदीपनि विद्यालय और जनजातीय कार्य विभाग के 94 सांदीपनि विद्यालय संचालित हो रहे हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक

Facebook


