राम मंदिर में ‘चढ़ावा चोरी’ की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को जल्द दंड मिले : साध्वी ऋतंभरा
राम मंदिर में ‘चढ़ावा चोरी’ की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को जल्द दंड मिले : साध्वी ऋतंभरा
इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच अगस्त (भाषा) धार्मिक नेता साध्वी ऋतंभरा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बुधवार को कहा कि इस घटना के दोषियों को जल्द दंड मिलना चाहिए।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर उन्होंने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,’यह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना है जिसने हम सबको शर्मसार किया है। आप जानते हैं कि बहुत बड़े समाज में भी 50-100 लोग ऐसे होते हैं जो राष्ट्र, समाज, कुल और परंपरा को लज्जित कर देते हैं। यह घटना ऐसी ही रही है।’’
साध्वी ऋतंभरा अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के उद्देश्य से संचालित राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस मंदिर में श्रद्धा से चढ़ाए गए धन पर ‘गिद्ध दृष्टि’ रखना भारी दुर्भाग्य की बात है।
ऋतंभरा ने कहा कि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के दोषियों को जल्द दंड मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की जन्मभूमि से जुड़ी इस घटना ने लोगों को इसलिए आहत किया क्योंकि पिछले 500 वर्षों में वहां महज धन नहीं, बल्कि मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए थे।
ऋतंभरा ने कहा,‘‘वह (अयोध्या का राम मंदिर) ऐसे बलिदान की बुनियाद पर खड़ा प्रभु श्रीराम का घर है। वहां तो शुचिता और पवित्रता होनी चाहिए थी।’’
उन्होंने कहा कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना के कारण भक्तों ने संताप झेला है और इसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए लोगों में संस्कारों को प्रबल करना होगा।
हालिया ‘जेन जेड’ आंदोलन के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में ऋतंभरा ने कहा कि भारत का वर्तमान और भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और युवाओं को देश तथा इसकी परंपराओं के प्रति समर्पित होकर अपनी क्षमताओं का सदुपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा,‘‘हमें भारत के युवाओं से मर्यादित जीवन जीने की आशा है। वे भारत के अधूरे सपने पूरे करेंगे। मैं अक्सर कहती हूं कि हम भारतीयों के बच्चे तुलसी के पौधे जैसे हैं जिन्हें वासनाओं की शराब से नहीं, बल्कि संस्कारों के गंगाजल से सींचा जाना चाहिए।’’
भाषा हर्ष शफीक
शफीक

Facebook


