मप्र : युवतियों के फर्जी सोशल मीडिया खातों के जरिये पुरुषों से धन ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़

मप्र : युवतियों के फर्जी सोशल मीडिया खातों के जरिये पुरुषों से धन ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Modified Date: February 2, 2022 / 11:01 pm IST
Published Date: February 2, 2022 11:01 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), दो फरवरी (भाषा) युवतियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया खाते बनाकर आर्थिक रूप से संपन्न पुरुषों को जाल में फंसाते हुए उनसे धन ऐंठने वाले गिरोह का इंदौर पुलिस ने बुधवार को भंडाफोड़ किया। इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सम्पत उपाध्याय ने बताया कि इंदौर के स्कीम नंबर 54 क्षेत्र की एक इमारत के फ्लैट से पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू (20), संदीप (20), सचिन (24) और अमन (24) के रूप में हुई है। डीसीपी ने बताया कि चारों युवक शिवपुरी के मूल निवासी हैं और इंदौर में रहकर गिरोह चला रहे थे।

उन्होंने बताया कि चारों आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर युवतियों के नाम से फर्जी खाते चला रहे थे जहां वे आर्थिक रूप से संपन्न पुरुषों से संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे।

उपाध्याय ने बताया,’चारों युवक सोशल मीडिया पर खुद को युवतियों के रूप में पेश करते हुए पुरुषों से अश्लील चैट तथा वीडियो कॉल करते थे और सूचना तकनीकी की मदद से इसकी रिकॉर्डिंग कर लेते थे। बाद में इस आपत्तिजनक सामग्री को पुरुषों के रिश्तेदारों और परिचितों को भेजने की धमकी देकर उनसे धन वसूला जाता था।’

उन्होंने बताया, ‘हमें शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरोह ने इस तरीके से कम से कम 100 लोगों को जाल में फंसाते हुए उनसे कुल 10 लाख रुपये ऐंठे हैं।’

डीसीपी ने बताया कि चारों आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में