मप्र के निवेशकों से छह करोड़ रुपये की ठगी, कर्नाटक से सलाहकार फर्म संचालक गिरफ्तार

Ads

मप्र के निवेशकों से छह करोड़ रुपये की ठगी, कर्नाटक से सलाहकार फर्म संचालक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 13, 2025 / 05:03 PM IST,
    Updated On - October 13, 2025 / 05:03 PM IST

इंदौर, 13 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने निवेशकों से करीब छह करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में सोमवार को कर्नाटक की एक निवेश सलाहकार फर्म के संचालक को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इंदौर की अपराध निरोधक शाखा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि स्थानीय निवेशकों की शिकायत पर बेंगलुरु से पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलाम मोइनुद्दीन (40) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि बी.ए. तक पढ़ा-लिखा आरोपी कर्नाटक का रहने वाला है और वहीं से एक निवेश सलाहकार फर्म संचालित कर रहा था।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मोइनुद्दीन के खिलाफ इंदौर के पांच निवेशकों को शेयर बाजार में पूंजी लगाने से मोटे फायदे का झांसा देकर उनसे कुल मिलाकर करीब छह करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।

उन्होंने शिकायतों के हवाले से बताया,‘‘निवेशकों से कहा गया था कि शेयर बाजार में पूंजी लगाने से उनकी रकम तीन से चार महीने में दोगुनी हो जाएगी।’’

दंडोतिया ने बताया कि निवेश सलाहकार फर्म के संचालक से विस्तृत पूछताछ के साथ ही उसकी चल-अचल संपत्ति के बारे में छानबीन की जा रही है।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र