जनपद पंचायत का सीईओ और उसका चालक चार लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार
जनपद पंचायत का सीईओ और उसका चालक चार लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार
छिंदवाड़ा (मप्र), 15 अप्रैल (भाषा) लोकायुक्त पुलिस के दस्ते ने शुक्रवार को जिले के जुन्नारदेव जनपद पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चालक को गांव में विकास कार्य मंजूर कराने के एवज में एक व्यक्ति से चार लाख रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में लोकायुक्त पुलिस के अधिकारी ने बताया कि जुन्नारदेव तहसील के तहत कुकर पानी गांव में विकास कार्यों की मंजूरी देने के लिए सीईओ सुरेंद्र कुमार द्वारा पंचायत सचिव के बेटे से 4.25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि इस पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने योजना बनाकर सीईओ के वाहन चालक मिथुन पवार को चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि चालक को तहसील कार्यालय से पकड़ा गया और उसने स्वीकार किया कि वह सीईओ की ओर से पैसे ले रहा था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चालक और सीईओ दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


