छिंदवाड़ा (मप्र), 26 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार को एक बस और एक पिकअप वाहन की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर नागपुर रोड पर सिमरिया के पास बृहस्पतिवार शाम को हुई।
उन्होंने बताया कि बस एक सार्वजनिक समारोह में शामिल लोगों को लेकर लौट रही थी जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे।
उनके मुताबिक हादसे में छह पुरुषों, तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई।
छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घायलों की सही संख्या अभी बताना मुश्किल है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।
अधिकारियों ने सभी घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल और अन्य अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे।
भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला
गोला