मध्यप्रदेश: कफ सिरप मामले में बैतूल के एक और बच्चे की मौत

Ads

मध्यप्रदेश: कफ सिरप मामले में बैतूल के एक और बच्चे की मौत

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 01:08 AM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 01:08 AM IST

बैतूल (मध्यप्रदेश), दो फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के परासिया में पिछले साल हुए कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड में गंभीर रूप से बीमार हुए बैतूल जिले के चार वर्षीय एक बच्चे की नागपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिले के आमला तहसील स्थित टीकाबर्री गांव के रहने वाले गोकुल यादव का पुत्र हर्ष पिछले चार माह से अधिक समय से कोमा में था और वह आईसीयू में भर्ती था लेकिन रविवार रात उसने दम तोड़ दिया।

बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ मनोज हुरमाड़े ने बच्चे की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार को नागपुर में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएंगे।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार