मप्र: दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने जिला इकाई भंग की

मप्र: दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने जिला इकाई भंग की

मप्र: दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने जिला इकाई भंग की
Modified Date: August 4, 2026 / 11:35 pm IST
Published Date: August 4, 2026 11:35 pm IST

भोपाल, चार अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के अगले दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया और इसके चंद घंटे के बाद पार्टी की जिला इकाई को भंग कर दिया गया।

मुख्यमंत्री आवास पर सुबह हुए मंथन के बाद हार की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई, जिसमें प्रदेश संगठन के महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा शामिल हैं।

देर शाम भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालय के कार्यालय मंत्री श्याम महाजन की ओर से जारी एक बयान में जिला इकाई को भंग करने की घोषणा की गई।

बयान में कहा गया, ‘समिति की अनुशंसा पर भाजपा की दतिया जिला इकाई तत्काल प्रभाव से भंग की जाती है।’

इस कार्रवाई से पहले समिति ने चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर चुनावी हार के कारणों का विश्लेषण किया और अपने निष्कर्षों की रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंपी।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया है।

सोमवार को मतगणना में घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

भाजपा ने इस उपचुनाव में छह बार के विधायक नरोत्तम मिश्रा की जगह तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। राज्य के प्रमुख क्षेत्रीय नेताओं में शुमार मिश्रा को टिकट नहीं देने के भाजपा के फैसले के खिलाफ उनके गृह जिले दतिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ था।

मिश्रा ने अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में डबरा (ग्वालियर जिला) से तीन विधानसभा चुनाव और दतिया से इतने ही चुनाव जीते हैं।

राज्य के पूर्व गृह मंत्री मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने 10-11 जुलाई को दतिया में एक महत्वपूर्ण राजमार्ग को 12 घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध कर दिया था, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हुई, जिसमें जिला पुलिस अधीक्षक और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

मिश्रा को टिकट न मिलने के विरोध में दतिया के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह समेत सभी पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था लेकिन चुनावी प्रक्रिया जारी रहने के कारण पार्टी ने इस्तीफे स्वीकार नहीं किए थे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में तिवारी ने उपचुनाव में कुछ पार्टी नेताओं की ओर से भीतरघात किये जाने की शिकायत की।

सूत्रों के अनुसार तिवारी ने अपनी शिकायतों के साथ सबूत के रूप में कुछ वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपे।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र लोधी, तुलसी सिलावट, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भरत कुशवाहा समेत संगठन से जुड़े कुछ अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।

खंडेलवाल ने उपचुनाव परिणाम आने के बाद सोमवार को कहा था कि समीक्षा में अनुशासन को सर्वोपरि रखा जाएगा और उसके निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

भाषा ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में