मप्र के भाजपा नेता ने सैकड़ों वाहनों के साथ रैली निकाली, पार्टी ने पद से हटाया

मप्र के भाजपा नेता ने सैकड़ों वाहनों के साथ रैली निकाली, पार्टी ने पद से हटाया

मप्र के भाजपा नेता ने सैकड़ों वाहनों के साथ रैली निकाली, पार्टी ने पद से हटाया
Modified Date: May 14, 2026 / 09:10 pm IST
Published Date: May 14, 2026 9:10 pm IST

भोपाल, 14 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने संबंधी अपील के विपरीत सैकड़ों वाहनों के साथ रैली निकालने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के किसान मोर्चा अध्यक्ष को पद से हटा दिया है।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, हाल ही में इस पद पर नियुक्त किए गए सज्जन सिंह यादव को मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आदेश पर पद से हटाया गया।

बताया गया कि यादव के किसान मोर्चा अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के अवसर पर बुधवार को भिंड शहर में एक रैली आयोजित की गई थी, जिसमें सैकड़ों वाहन शामिल हुए थे। भिंड शहर भोपाल से लगभग 500 किलोमीटर दूर है।

भाजपा ने यादव को जारी पत्र में कहा कि उनका यह आचरण प्रधानमंत्री की अपील के विपरीत है और गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा, “यादव की नियुक्ति अनुशासनहीनता और ईंधन बचत एवं मितव्ययिता के उपायों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बार-बार की गई अपील का पालन न करने के कारण निरस्त कर दी गई है।”

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो सेवाओं के उपयोग, कारपूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, रेलवे यात्रा अपनाने और ‘वर्क फ्रॉम होम’ जैसे उपायों को प्रोत्साहित करने की अपील की थी।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत


लेखक के बारे में