रायसेन (मध्यप्रदेश), 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम पूरा करने के बाद लौट रहा एक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) सड़क दुघर्टना में गंभीर रूप से घायल हो गया तथा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में जारी एसआईआर की प्रक्रिया के बीच बीएलओ की लगातार मौतों और बीमार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक पिछले 10 दिनों में प्रदेश में छह बीएलओ की मौत हो चुकी है जबकि कई कर्मचारी अस्पताल में भर्ती हैं।
इन सब मामलों में परिजनों ने आरोप लगाया है कि काम के भारी दबाव और तनाव के कारण ये स्थिति बनी है जबकि निर्वाचन विभाग का कहना है कि मौतों का कारण बीमारियों की अनदेखी और हादसे हैं।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) प्रतिभा शर्मा ने बताया कि बीएलओ टीकाराम चौधरी मंगलवार रात में रतनपुर दरगाह के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसकी सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शैलेश सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि चौधरी रायसेन जिला मुख्यालय से 24 किमी दूर सांची विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि बीएलओ की हालत गंभीर है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी