भिंड (मध्यप्रदेश), 27 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में सिंध नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने से लापता हुए तीन किशोरों के शव रविवार को बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उमरी पुलिस थाने के प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि कृष्णा भदौरिया (18), अभिजीत भदौरिया (16) और मदन भदौरिया (19) शुक्रवार को जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर कनावर गांव के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी में डूब गए थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने भारी बारिश और तेज बहाव के बीच नदी के 15 किलोमीटर लंबे हिस्से में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद उनके शव बरामद किए गए।
भिंड के भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात करने के बाद प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
हालांकि, कांग्रेस नेता तरुण खत्री ने कहा कि यह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जानी चाहिए।
भाषा सं ब्रजेन्द्र संतोष
संतोष