भोपाल/मंदसौर, 19 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में एक मादा चीता को खुले जंगल में छोड़ेंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बोत्सवाना से भारत लाई गई मादा चीता को कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) से गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य स्थानांतरित किया जा रहा है। यह कदम चीता संरक्षण और उसके प्राकृतिक आवास के विस्तार के प्रयासों का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘प्रोजेक्ट चीता’ परियोजना मुख्यमंत्री यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में लगातार आगे बढ़ रही है और इस चीते को गांधी सागर में छोड़ा जाना इस दिशा में एक नया अध्याय होगा।
अधिकारी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीकी देश घाना में जन्मी इस मादा चीता को ढाई वर्ष की उम्र में 28 फरवरी को भारत लाया गया था। उसे कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पृथकवास में रखा गया और बाद में मई में खुले जंगल में छोड़ा गया, जहां उसने परिस्थितियों के अनुरूप खुद को जल्दी ढाल लिया।
भाषा दिमो शोभना
शोभना