मप्र: कार में मिला 2.50 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

Ads

मप्र: कार में मिला 2.50 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 08:02 PM IST

रतलाम, 25 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एक कार से करीब 2.50 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया, लेकिन इस वाहन में सवार तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कार से बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 2.50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

मानव निर्मित रसायनों से बने नशीले पदार्थ मेफेड्रोन को ‘एमडी’ और ‘म्याऊं-म्याऊं’ के नाम से भी जाना जाता है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस दल ने सोमवार रात कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक इस वाहन को तेजी से भगाने लगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल के पीछा किए जाने पर चालक इस कार को जंगली इलाके के कच्चे रास्ते की ओर ले गया और इसमें सवार लखन मीणा व उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

कुमार ने बताया कि पड़ोसी सूबे राजस्थान में पंजीकृत कार की तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे 2.495 किलोग्राम एमडी मिला।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मीणा और उसके तीन साथियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार तस्करों की तलाश के साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा सं. हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र