मप्र : गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच लड़कों के डूबने की आशंका, एक की मौत

Ads

मप्र : गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच लड़कों के डूबने की आशंका, एक की मौत

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 12:11 AM IST

भिंड/खंडवा/सीहोर, 25 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में पांच लड़कों के डूबने की आशंका है, जबकि एक अन्य की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, भिंड में तीन लड़के लापता हैं, जबकि खंडवा में दो सगे भाइयों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, सीहोर में एक लड़के की डूबने से मौत हो गई।

भिंड के पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने बताया कि कनावर गांव के पास सिंध नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए उतरे 16-17 वर्ष की उम्र के तीन लड़के शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे लापता हो गए।

लापता लड़कों की पहचान कृष्ण भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है।

एसपी वर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बारिश के बीच तलाश अभियान शुरू किया गया है, लेकिन नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में मुश्किल आ रही है।’’

खंडवा में पुलिस ने बताया कि नहालदा गांव के पास पानी से भरी एक खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे पांच लड़के उतरे थे। इस दौरान वे डूबने लगे। स्थानीय युवकों ने इनमें से तीन को बचा लिया, जबकि सगे भाई विश्वास (17) और लक्ष्य (16) लापता हैं।

सीहोर में सिलाखेड़ा निवासी अतुल अहिरवार (16) गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सिलाखेड़ा-मुंगावली मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित एक खदान के गहरे पानी में डूब गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद अतुल को पानी से बाहर निकाला गया और अहमदपुर ले जाया गया। बाद में उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत