हार्दिक पंड्या चोट के कारण न्यूजीलैंड श्रृंखला से बाहर

Ads

हार्दिक पंड्या चोट के कारण न्यूजीलैंड श्रृंखला से बाहर

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 08:11 AM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 08:11 AM IST

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) सीनियर हरफनमौला हार्दिक पंड्या को दाहिनी पिंडली में फिर चोट लग गई है जिससे वह तीन सप्ताह के लिये प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे और न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के दौरे से बाहर हो गए हैं ।

पंड्या को 20 सितंबर को वापसी करनी थी और चयनकर्ताओं ने उन्हें आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ छह अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे श्रृंखला में भारत ए टीम में चुना था।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया ,‘‘ यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हार्दिक के ताजा स्कैन में उनकी दाहिनी पिंडली में चोट का पता चला । उन्हें दो सप्ताह पूरी तरह से आराम की सलाह दी गई है । बीसीसीआई की मेडिकल पैनल के प्रमुख डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला ने जापान से लौटकर उनकी रिपोर्ट देखी और वह तय करेंगे कि रिहैबिलिटेशन कब से शुरू हो सकता है ।’’

न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर को टी20 श्रृंखला से शुरू होगा जिसके बाद वनडे श्रृंखला खेलनी है । तब तक हार्दिक की वापसी की संभावना नहीं है ।

समझा जाता है कि बीसीसीआई चाहता था कि हार्दिक टीम के साथ एशियाई खेलों में जाये और वीजा के लिये उनका पासपोर्ट भी लिया गया था । लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 श्रृंखला से ठीक पहले फील्डिंग अभ्यास के दौरान उनके घुटने में दर्द उठा । उन्होंने ब्रेक लिया और फिटनेस सर्टिफिकेट हासिल करने ही वाले थे कि दर्द फिर उठ गया । स्कैन में चोट का पता चला ।

वह आईपीएल के बाद से बेंगलुरू में है और अब बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र में अभ्यास कर रहे हैं ।

भाषा मोना

मोना