मप्र : शाजापुर में बस में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मप्र : शाजापुर में बस में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मप्र : शाजापुर में बस में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका
Modified Date: May 16, 2026 / 09:44 pm IST
Published Date: May 16, 2026 9:44 pm IST

शाजापुर, 16 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी बस में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई, जब इंदौर-ग्वालियर इंटरसिटी एसी बस मकसी और शाजापुर के बीच होटल जैन पथ के पास खड़ी थी।

तराना थाना प्रभारी आरएनएस भदौरिया ने बताया कि कुछ यात्री जलपान के लिए बस से नीचे उतर गए थे, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बस की खिड़कियां और शीशे तोड़ दिए, जबकि चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, आग पर काबू पाने के बाद चार वर्षीय अनय जैन कई घंटों तक लापता रहा।

अधिकारियों ने बताया कि बस का दरवाजा और खिड़कियां तोड़ने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया, जबकि बस के पिछले हिस्से को काटने के लिए वेल्डर बुलाया गया, ताकि बच्चे की तलाश की जा सके।

पुलिस ने बताया कि करीब दो घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सीट के नीचे से बच्चे का कंकाल बरामद किया गया।

मृतक बच्चे के पिता अभिषेक जैन ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रात करीब 10 बजे इंदौर से शिवपुरी जाने के लिए बस में सवार हुए थे। अभिषेक ने आरोप लगाया कि यात्रियों ने बस के अंदर तार जलने जैसी गंध आने की शिकायत चालक से की थी, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज कर दिया।

थाना प्रभारी भदौरिया ने बताया कि इस संबंध में तराना थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत


लेखक के बारे में