मप्र : टीकमगढ़ में 20 दिन की पोती की हत्या के आरोप में दादी गिरफ्तार
मप्र : टीकमगढ़ में 20 दिन की पोती की हत्या के आरोप में दादी गिरफ्तार
टीकमगढ़, 19 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में 20 दिन की एक बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसकी दादी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी महिला को आशंका थी कि बच्ची भविष्य में परिवार पर आर्थिक बोझ बनेगी। इसी कारण उसने कथित तौर पर यह कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय आदिवासी महिला रेखा देवी को शनिवार को बन्ने बुजुर्ग गांव में हुई इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। यह गांव जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित है।
जटारा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अभिषेक गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी महिला चाहती थी कि उसकी बहू को एक और पुत्र हो। हालांकि, 20 दिन पहले उसकी बहू ने एक बच्ची को जन्म दिया था।
उन्होंने बताया कि रेखा के बेटे और बहू का पहले से एक तीन वर्षीय पुत्र है।
एसडीओपी के अनुसार, आरोपी महिला को कथित तौर पर लगता था कि भविष्य में विवाह संबंधी खर्चों के कारण बच्ची परिवार पर आर्थिक बोझ बनेगी। इसी सोच के चलते उसने कथित रूप से सो रही नवजात का गला घोंट दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत

Facebook


