मध्यप्रदेश उत्तर पुस्तिकाओं के शत-प्रतिशत डिजिटल सत्यापन की दिशा में बढ़ रहा : उच्च शिक्षा मंत्री

Ads

मध्यप्रदेश उत्तर पुस्तिकाओं के शत-प्रतिशत डिजिटल सत्यापन की दिशा में बढ़ रहा : उच्च शिक्षा मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 09:04 PM IST

इंदौर, एक जून (भाषा) मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने सोमवार को कहा कि उनका विभाग राज्य में उत्तर पुस्तिकाओं का शत-प्रतिशत डिजिटल सत्यापन किए जाने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बनाया जा सके।

इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी का व्यापक इस्तेमाल समय की मांग है।

मंत्री ने कहा, “हमारा विभाग उत्तर पुस्तिकाओं के शत-प्रतिशत डिजिटल सत्यापन की दिशा में काम कर रहा है। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बन सकेगी।”

परमार ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग के कार्यों में गति, पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए प्रौद्योगिकी को अपनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “जब सरकार, तकनीकी विशेषज्ञ और विश्वविद्यालय मिलकर योजनाओं का स्वरूप तैयार करते हैं, तो शिक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था को नयी दिशा मिलती है।”

परमार ने परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा, “डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली लागू करने से परीक्षा प्रक्रिया की गुणवत्ता में सुधार होगा, परिणामों की विश्वसनीयता बढ़ेगी और छात्रों को अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी।”

भाषा

हर्ष पारुल

पारुल