दमोह, छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के दमोह जिले में 16 वर्षीय एक किशोर की कथित रूप से हत्या करने के आरोप में 58 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने मृतक के सिर का मांस खाया और खून भी पिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अर्थखेड़ा निवासी भरत विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह अपनी बहन दीक्षा विश्वकर्मा के घर समन्ना गांव गया था। दीक्षा की शादी इसी क्षेत्र में हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक एच आर पांडे ने बताया कि भारत मोटरसाइकिल से जा रहा था कि तभी आरोपी गुड्डा पटेल ने अचानक लोहे की रॉड और हथौड़े से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मृतक के साथ मौजूद एक रिश्तेदार किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पांडे ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने मृतक के मस्तिष्क का हिस्सा खाया और उसका खून पिया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि हत्या के बाद आरोपी रॉड और हथौड़ा लेकर पास के खेतों की ओर भाग गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और उस पर पथराव किया। पांडे ने बताया कि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लगभग दो वर्ष पहले अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काटने के बाद जेल से रिहा हुआ था।
मृतक की बहन के रिश्तेदारों ने आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
भाषा सं दिमो मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल