मप्र : परीक्षा देने जा रहे भतीजे-भतीजी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ads

मप्र : परीक्षा देने जा रहे भतीजे-भतीजी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 11:36 AM IST

सीहोर (मप्र), छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने ही भतीजे और भतीजी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुरी गांव में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई, जब दोनों भाई-बहन परीक्षा देने जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि मृतकों की पहचान शीतल मालवीय (20) और उसके भाई कुलदीप मालवीय (19) के रूप में हुई है। दोनों जगदीश मालवीय के बच्चे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी हरिसिंह मालवीय और उसके बेटे ने कथित तौर पर परीक्षा केंद्र जा रहे दोनों भाई-बहन को रास्ते में रोक लिया और डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक हरिसिंह और जगदीश सगे भाई हैं और उनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।

शुक्ला ने बताया कि हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी दामोदर गुप्ता और सिद्धिकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं दिमो

मनीषा वैभव

वैभव