Moradabad Accident News/ image soruce: ibc24 file image
MP Road Accident: बड़वानी/मंडला: बड़वानी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां अनियंत्रित होकर एक कार गहरे गड्ढे में जा गिरी। यह घटना पलसूद क्षेत्र के उमेटवाड़ा घाट के पास हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खोने के कारण वाहन सीधे सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के नांदिया तिराहे के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।