दतिया (मध्यप्रदेश), 17 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के दतिया जिले में 30 जुलाई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच पुलिस ने दो वाहनों से 36.19 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में आदर्श आचार संहिता का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक विभिन्न अंतरजिला सीमाओं और प्रमुख जांच चौकियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात सेवढ़ा टोल जांच चौकी के औचक निरीक्षण के दौरान एक कार से लगभग 15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसकी सूचना मौके पर ही स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) को दी गई और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि इसी तरह गोराघाट जांच चौकी पर एक एसयूवी से 21.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन मालिक से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि जिले की सभी प्रमुख सड़कों, अंतरजिला सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गहन जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की पड़ताल और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दतिया विधानसभा उपचुनाव 30 जुलाई को होना है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की धोखाधड़ी के एक मामले में दोषसिद्धि के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है। मतों की गिनती तीन अगस्त को होगी।
भाषा सं दिमो वैभव
वैभव