सऊदी अरब ने पाकिस्तान के तीन अरब डॉलर के ऋण की अवधि बढ़ाई: रिपोर्ट

Ads

सऊदी अरब ने पाकिस्तान के तीन अरब डॉलर के ऋण की अवधि बढ़ाई: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 03:22 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 03:22 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 17 जुलाई (भाषा) सऊदी अरब ने पाकिस्तान को दिए गए तीन अरब डॉलर के ऋण की अवधि बढ़ा दी है। इससे अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की कड़ी शर्तों को पूरा करने के प्रयास में जुटे पाकिस्तान को राहत मिली है। पाकिस्तान के दैनिक अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर में यह जानकारी दी गई।

आईएमएफ ने वर्ष 2024 में पाकिस्तान को सात अरब डॉलर का ऋण मंजूर किया था। इसके साथ यह शर्त रखी गई थी कि देश पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार बनाए रखकर वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करेगा।

सऊदी अरब ने इसी वर्ष अप्रैल में पाकिस्तान को तीन महीने के लिए तीन अरब डॉलर का ऋण दिया था, ताकि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का बकाया ऋण चुका सके। ईरान युद्ध के कारण क्षेत्र में बढ़े तनाव के बीच यूएई ने अपने ऋण की वापसी की मांग की थी।

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने बृहस्पतिवार को कहा कि तीन अरब डॉलर के ऋण को आगे बढ़ाने के मामले में सब कुछ ठीक है।

उन्होंने यह टिप्पणी उस सवाल के जवाब में की कि क्या इस सप्ताह परिपक्व हुए सऊदी अरब के तीन अरब डॉलर के नकद जमा की अवधि बढ़ा दी गई है।

वित्त मंत्री औरंगजेब और ऊर्जा मंत्री सरदार अवैस लेघारी ने पिछले सप्ताहांत सऊदी अरब की यात्रा की थी, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर चर्चा हुई थी। सऊदी अरब से लौटने के बाद यह इस विषय पर वित्त मंत्री का पहला सार्वजनिक बयान है।

भाषा योगेश रमण

रमण