मप्र: महिला से सामूहिक दुष्कर्म के तीन और आरोपी गिरफ्तार

Ads

मप्र: महिला से सामूहिक दुष्कर्म के तीन और आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 09:11 PM IST

आलीराजपुर/इंदौर, 22 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में 40 वर्षीय महिला के घर डकैती के दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के तीन और आरोपियों को गत 24 घंटे में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक 10 में से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि बोरी थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में 10 जुलाई की देर रात डकैती के दौरान आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था और उसके निजी अंग पर हमला किया था।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस वारदात में शामिल नरपत मेहड़ा उर्फ नरू (20), जितेंद्र चौहान (22) और सरदन (22) को पिछले 24 घंटे में गिरफ्तार किया गया है।

सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से डकैती के करीब 28,000 रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक फरार व्यक्ति की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

भाषा हर्ष धीरज

धीरज