मप्र वक्फ बोर्ड ने शुरू किया ‘एक पेड़ अपने बुजुर्गों के नाम’ अभियान
मप्र वक्फ बोर्ड ने शुरू किया ‘एक पेड़ अपने बुजुर्गों के नाम’ अभियान
भोपाल, नौ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए राज्यभर में कब्रिस्तानों, मस्जिदों और ईदगाहों की जमीन पर ‘एक पेड़ अपने बुजुर्गों के नाम’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत मौजूदा वर्षा ऋतु के अंत तक पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष संवर पटेल ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह अभियान 25 मई से शुरू हुआ है और इसके तहत भोपाल, जबलपुर, भिंड सहित अन्य जिलों में पौधारोपण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘अभियान को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक स्थलों और कब्रिस्तानों में छायादार वातावरण विकसित करना है। वर्षा ऋतु समाप्त होने तक हमारी (वक्फ) संपत्तियों की खाली जमीन पर पांच लाख पौधे लगाने की योजना है।’’
पटेल ने कहा कि वक्फ बोर्ड के पास भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित कई शहरों में बड़ी संख्या में संपत्तियां हैं, जिनकी खाली भूमि का उपयोग पौधारोपण के लिए किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के नाम राज्य में 14,962 संपत्तियां दर्ज हैं, जो उत्तर प्रदेश के बाद देश में दूसरी सबसे अधिक हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ देशव्यापी पौधारोपण अभियान है, जिसके तहत लोगों को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और प्रकृति संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक

Facebook


