मप्र: दूध न देने को लेकर हुए विवाद में महिला ने चबाई किसान की उंगली

Ads

मप्र: दूध न देने को लेकर हुए विवाद में महिला ने चबाई किसान की उंगली

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 07:37 PM IST

रायसेन, 12 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को एक महिला ने एक किसान से पूजा के लिए गाय का दूध मांगा और जब उसने इनकार कर दिया तो तीखी बहस के बाद कथित तौर पर उसकी उंगली चबा ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सलामतपुर थाने के प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 26 किलोमीटर दूर सलामतपुर थानाक्षेत्र के बांसखेड़ा गांव में हुई।

उन्होंने बताया कि किसान लक्ष्मण सिंह कोरी ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके पड़ोसी महाराज सिंह कोरी की पत्नी माया बाई कोरी सुबह गाय का दूध मांगने के लिए उनके घर आई थी और जब उसने मना कर दिया तो दोनों के बीच बहस हो गई एवं महिला ने कथित तौर पर उसे गाली देना शुरू कर दिया।

थाना प्रभारी ने कहा कि झगड़े के दौरान महिला ने उसका हाथ पकड़ लिया, उसकी एक उंगली अपने मुंह में डाल ली और उसे चबा लिया।

रघुवंशी ने बताया कि घायल किसान की मेडिकल जांच की गई और महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला माया बाई ने अपने बयान में बताया कि वह हर बृहस्पतिवार को व्रत रखती है और पीले वस्त्र धारण कर गाय का दूध, पीले फल-फूल, चने की दाल एवं गुड़ से भगवान विष्णु की पूजा करती है।

पुलिस ने आरोपी महिला के हवाले से बताया कि वह पूजा के लिए पड़ोसी लक्ष्मण सिंह के पास गाय का थोड़ा सा दूध मांगने गई थी लेकिन उसने गुस्से में मना करते हुए कहा कि ‘आ गई भीख मांगने’।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का दावा है कि इसी बात पर से उसे गुस्सा आ गया और उसने दांतों से उसकी उंगली चंबा दी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार