मप्र: जन्मदिन समारोह में चली गोली से महिला की मौत, चोरी-छिपे अंतिम संस्कार का प्रयास विफल

मप्र: जन्मदिन समारोह में चली गोली से महिला की मौत, चोरी-छिपे अंतिम संस्कार का प्रयास विफल

मप्र: जन्मदिन समारोह में चली गोली से महिला की मौत, चोरी-छिपे अंतिम संस्कार का प्रयास विफल
Modified Date: June 1, 2026 / 10:41 pm IST
Published Date: June 1, 2026 10:41 pm IST

ग्वालियर, एक जून (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में 32 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला के परिवार ने पुलिस को सूचित करने के बजाय शव को ‘डीप फ्रीजर’ में रख दिया और फिर फरार हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना रविवार को थाटीपुर थाना क्षेत्र के तृप्ति नगर में हुई।

उन्होंने बताया कि मनोज कुशवाहा नाम के एक व्यक्ति के बेटे का जन्मदिन मनाया जा रहा था कि तभी उसके छोटे भाई योगेश कुशवाहा ने तमंचे से जश्न में कथित तौर पर गोली चला दी।

अधिकारी ने बताया कि जश्न के दौरान चलाई गई एक गोली मनोज की पत्नी ज्योति कुशवाह के सिर में लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुबेर ने बताया कि परिवार ने पुलिस को सूचित किए बिना घटना को छिपाने की कथित तौर पर कोशिश की।

उन्होंने बताया कि मनोज कुशवाह ने एक ‘डीप फ्रीजर’ की व्यवस्था की और उसमें ज्योति के शव को रखा।

अधिकारी ने बताया कि परिवार ने रात के समय अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

कुबेर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस कुशवाहा के घर पहुंची तो परिवार के अन्य सदस्य शव छोड़कर मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया जबकि फरार परिजनों की तलाश की जा रही है।

पुलिस गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किये गये तमंचे के स्रोत की भी जांच कर रही है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में