भोपाल, एक अप्रैल (भाषा) भोपाल में होटल मालिक की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी आसिफ उर्फ ‘बम’ मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, होटल मालिक विजय मेवाड़ा की दो दिन पहले अशोका गार्डन इलाके के प्रगति नगर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने कहा कि वारदात में तीन लोग शामिल थे, जिनमें से दो आरोपियों फरमान और इमरान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ घटना के बाद से फरार था, उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अखिल पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस दल ने रातीबड़ क्षेत्र के एक जंगल में घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करके भागने का प्रयास किया, तभी जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।
पटेल ने बताया कि घायल आरोपी को सरकारी हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक अन्य अधिकारी के अनुसार, दो दिन पहले मेवाड़ा अपने एक कर्मचारी को घर छोड़ने जा रहे थे, तभी रास्ते में कर्मचारी का अशोका गार्डन इलाके में रहने वाले लोगों से विवाद हो गया।
अधिकारी ने बताया कि मेवाड़ा के बीच-बचाव करने पर आसिफ ने कथित तौर पर चाकू से हमला करके उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। स्थानीय निवासियों और कुछ संगठनों ने अशोका गार्डन थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।
भाषा दिमो जोहेब
जोहेब